नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में 11 से 13 अगस्त तक इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 का आयोजन होगा। गुरुवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक्सपो और वीवीआईपी मूवमेंट की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। जिसमें सभी तैयारियों को पूरा करने के निर्देश दिए गए है।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, अग्निशमन, कानून-व्यवस्था और वीआईपी मूवमेंट की अन्य तैयारियां करने के निर्देश दिए गए है। अधिकारियों ने समय रहते आयोजन से संबंधित सभी तैयारियां पूरी करने को कहा है। एक्सपो में हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में देश-विदेश से प्रतिनिधि, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, निवेशक, नीति-निर्माता और अन्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम में शामिल होने वाले वीआईपी और प्रतिनिधियों का बेहतर आतिथ्य सत्कार किया जाएगा।
तीन दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम में पहले दिन प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा। जिसमें बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर तकनीकी एवं नीतिगत सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को सम्मेलन के दूसरे दिन सीईओ राउंडटेबल, राज्य सरकारों के विशेष सत्र, निवेश एवं उद्योग सहयोग, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायोगैस, एथेनॉल, बॉयोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल, वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, कार्बन मार्केट, वित्तपोषण तथा नवीन तकनीकों से संबंधित विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।
जिलाधिकारी मेधा रुपम ने बताया कि कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न तकनीकी सत्रों के साथ भविष्य की कार्ययोजना, निवेश साझेदारी, उद्योग-सरकार समन्वय और बायोएनर्जी क्षेत्र में नई संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। समापन सत्र में सम्मेलन के निष्कर्ष एवं सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे। जिससे उत्तर प्रदेश सहित देश में स्वच्छ ऊर्जा एवं बायोएनर्जी क्षेत्र को नई दिशा मिल सके।
एक्सपो में 120 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ता, 150 से अधिक प्रदर्शक, करीब एक हजार से अधिक प्रतिनिधि और 15 हजार से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन के दौरान कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी), एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएएफ), ग्रीन हाइड्रोजन, वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, बायो-मोबिलिटी, कार्बन मार्केट, कार्बन कैप्चर, यूटिलाइजेशन एंड स्टोरेज (सीसीयूएस) सहित बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा।
