बीटा-2, ईकोटेक-1 कोतवाली और एसओजी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चांदी व्यापारी से हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए एटीएस गोलचक्कर से दो सगे भाई समेत पांच गिरफ्तार किए है। दोनों भाईयों ने बहनोई का कर्ज चुकाने के लिए लूट की घटना में शामिल हो गए। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लूट के सोने के पांच हार, दो मंगलसूत्र, 29 पैंडल, 90 अंगूठियां, 18 लॉकेट, 42 जोड़ी झुमकी, 12.138 किलो चांदी, कार और तमंचा बरामद किए हैं। जिसकी कीमत पुलिस ने एक करोड़ 28 लाख रुपये बताई है।

डीसीपी रवि शंकर निम ने बताया कि दिल्ली से चांदी-सोने के आभूषण लेकर आगरा जा रहे व्यापारी के मुनीम और चालक से कार सवार बदमाशों ने यमुना एक्सप्रेस—वे पर दो अगस्त को कार सवार चार बदमाशों ने लूटपाट की थी। बदमाश सोने व चांदी के आभूषण से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बीटा—2 कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना का खुलासा करने के लिए पांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बागपत के डगरपुर गांव निवासी अंकुर पुत्र जयवीर चौधरी, अमित पुत्र जयवीर चौधरी, सोहित बंसल पुत्र बृजपाल बंसल, दनकौर के जुनैदपुर गांव निवासी हिमांशु पुत्र स्वर्गीय बृजेश सिंह और दिल्ली के नजफगढ़ निवासी कमलकांत पुत्र बजरंगलाल को गिरफ्तार किया है।

अंकुर और अमित सगे भाई है, जब​कि सोहित इनका चचेरा भाई है। हिमांशु और कमलकांत ने रेकी थी। अभी इस घटना का एक आरोपी फरार है। डीसीपी ने बताया कि कमल कांत ने ही दोनों सगे भाइयों को लूट की सलाह दी थी। अंकुर और अमित ने दिल्ली में रहकर फाइनेंस का काम किया था। इसके चलते दोनों का पैसा डूब गया। फाइनेंस में पैसा लगाने के लिए दोनों ने अपने बहनोई से एक करोड़ रुपए का कर्ज लिया। दिल्ली में काफी लोगों को दोनों भाइयों ने ब्याज पर पैसा बांट दिया, लेकिन यह पैसा वापस नहीं मिला। वह कर्ज में डूब गए। इन्होंने आरोपी कमलकांत के बेटे को एक बाइक फाइनेंस कराई थी।

बाइक बेचने के बाद भी कमलकांत उनकी रकम नहीं चुका सका था। इसी के चलते कमलकांत ने दोनों भाईयों के साथ मिलकर चांदी लूट की साजिश रची। कमलकांत दिल्ली में एक व्यापारी के यहां काम करता है। उसे रोजाना बड़े व्यापारी के सोने एवं चांदी के आभूषण ले जाने की पूरी जानकारी थी। कमलकांत ने ही अन्य आरोपियों को आगरा के व्यापारी के ड्राइवर और मुनीम के बारे में पूरी जानकारी दी थी।

हादसे के बहाने रुकवाई थी कार
योजना के अनुसार, आरोपियों ने दो कारों में सवार थे। बलेनो कार से चांदी व्यापारी के मुनीम की गाड़ी का पीछा किया। जीरो पॉइंट से दो किलोमीटर आगे मुनीम की कार रुकने पर आरोपियों ने हादसे का बहाना बनाया। साथ ही तमंचे के बल पर चालक और उसके साथियों को डरा धमकाकर आभूषणों से भरा बैग लूट लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *