ग्रेटर नोएडा में अलग-अलग हुए दो सड़क हादसों में पति-पत्नी और दो दोस्तों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
अवैध ग्रीन कट के पास हुआ हादसा
बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात अवध ग्रीन कट के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। मूलरूप से हमीरपुर जिले के आमगांव निवासी 19 वर्षीय सचिन ऐच्छर गांव में किराए के मकान में रहता था, वहीं हमीरपुर जिले के ही न्यूरिया गांव का रहने वाला 19 वर्षीय मनीष सेक्टर ओमिक्रोन में किराए के मकान में रहता था।
रैपिडो चलाते थे दोनों दोस्त
दोनों दोस्त थे और रैपीडो बाइक चलाते थे। वह एक ही बाइक पर सवार होकर नवादा गोल चक्कर से डोमिनोज की तरफ आ रहे थे। अवध ग्रीन कट के सामने हुई टक्कर के बाद दोनों को उपचार के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गंग नहर रोड पर दर्दनाक हादसा
दूसरा हादसा बुधवार देर रात दनकौर कोतवाली क्षेत्र में गंग नहर पटरी मार्ग पर बांजरपुर गांव के पास हुआ। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के चचूरा गांव निवासी 38 वर्षीय हरिकेश अपनी पत्नी 32 वर्षीय प्रियंका के साथ वापस घर लौट रहे थे। ये एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। ड्यूटी समाप्त करने के बाद बाइक पर सवार होकर गंग नहर पटरी मार्ग पर बांजरपुर गांव के पास पहुंचे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। अस्पताल में डॅाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार हरिकेश और प्रियंका परिवार के कमाने वाले सदस्य थे। उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं। जिनके सिर से माता-पिता का साया उठ गया।
