शहीद विजय सिंह पथिक स्पोटर्स कॉम्प्लेक्स में अब जल्द ही खिलाड़ियों को गेम्स की बेहतर सुविधा मिलने जा रही है। महज 210 रुपये वार्षिक सदस्यता शुल्क पर खिलाड़ी कॉप्लेक्स में फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, स्क्वैश, टेबल टेनिस, क्रिकेट, स्केटिंग, शतरंज समेत अन्य खेलों की बारीकियां सीख सकेंगे। शासन की तरफ से निर्धारित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम की व्यवस्था के अनुसार ही शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम की फीस लेने का फैसला किया है।
कॉम्प्लेक्स में खेल की बारीकियां सीखने वाले 18 साल तक के खिलाड़ियों से वित्तीय वर्ष की वार्षिक सदस्यता शुल्क 210 रूपये और 18 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के लिए पहले माह में 310 रूपये लिए जाएंगे। उसके बाद हर माह 200 रूपये सदस्यता शुल्क निर्धारित की जाएगी। इसके अलावा जिला स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में कराया जाएगा। जिससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। साथ ही नियमित प्रशिक्षण हासिल करने वाले खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने का बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
सूरजपुर स्थित एनआईसी सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया है। बैठक में जिले में भरपूर संसाधनों के बीच खेल गतिविधियों को सुधारने का कदम बढ़ाया गया है। ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके। इसका फायदा यह होगा कि खेल प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधीन शहीद विजय सिंह पथिक स्पोटर्स कॉम्प्लेक्स में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की तरफ से ही खेलों की बारीकियां सिखाने वाले प्रशिक्षकों की व्यवस्था करनी होगी। दरअसल, शासन की तरफ से मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 18 वर्ष तक के खिलाड़ियों के लिए वित्तीय वर्ष की वार्षिक सदस्यता शुल्क 210 रूपये और उसे उपर के खिलाड़ियों से पहले महीनें 310 रूपये और उसके बाद प्रत्येक माह 200 रूपये शुल्क निर्धारित है।
