सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने शहर की सबसे पॉश सोसाइटी में से एक मानी जाने वाली पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्टा में हुई लूट और चोरी की घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ और कॉम्बिंग के दौरान चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ है। गैंग का सरगना गैगस्टर है और वह अपने साथियों के साथ मिलकर कासगंज क्षेत्र में भी लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम दिया करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से चार तमंचा, कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, भारत और जापान समेत विभिन्न देशों की विदेशी मुद्रा और घटना में प्रयुक्त टैक्सी कार बरामद की है।

पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश वीरपाल और विजयपाल गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया। वहीं, भागने की कोशिश कर रहे दो अन्य साथियों, अर्जुन कश्यप और अवधेश को पुलिस कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताय कि यह पूरी कार्रवाई मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर संयुक्त रूप से की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि बदमाशों का एक गिरोह सूरजपुर वेटलैंड के पास जंगलों की तरफ छिपा हुआ है। जब पुलिस ने घेराबंदी की, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया। वहीं, भागने की कोशिश कर रहे दो अन्य साथियों, पुलिस कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया।

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया पूछताछ में इन अपराधियों ने बताया कि दिन में ऑनलाइन बुकिंग ऐप के जरिए टैक्सी चलाने का काम करते थे और रात में पॉश सोसायटियों की रेकी कर बड़ी वारदातों को अंजाम देते थे। बदमाशों ने स्वीकार किया कि 5 जुलाई को ग्रेटर नोएडा की पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में साजिश के तहत धावा बोला था। गिरोह के दो सदस्य वीरपाल और अवधेश सोसाइटी की ऊंची दीवार फांदकर अंदर घुसे, जबकि विजयपाल और अर्जुन कश्यप अपनी दिल्ली नंबर की टैक्सी कार के साथ बाहर झाड़ियों में छिपकर पुलिस और सुरक्षाकर्मियों पर नजर रख रहे थे।

वीरपाल ने एक मकान की पहली मंजिल पर सो रही महिला को हथियार के बल पर डराया-धमकाया और वहां से सोने के गहने, नकदी और महिला का पैन कार्ड लूट लिया। इसी गिरोह ने उसी रात सोसाइटी के एक अन्य घर का ताला तोड़कर भारी मात्रा में विदेशी करेंसी और कीमती घड़ियां भी चोरी की थीं। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी मूल रूप से कासगंज जिले के थाना सोरों क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें से मुख्य आरोपी वीरपाल का एक लंबा और खूंखार आपराधिक इतिहास है। वीरपाल पर गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के करीब 15 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी विजयपाल पर भी 4 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने इन बदमाशों के पास से, 4 अवैध तमंचे, 4 खोखा कारतूस और 4 जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त टैक्सी कार, चोरी की गई विभिन्न देशों की 56 विदेशी मुद्राएं और 1 जापानी करेंसी नोट, सोने की 2 चैन, 1 अंगूठी, 1 पेंडेंट, कान के झुमके और चांदी की चैन, 275 रुपये नकद और 2 महंगी घड़ियां बरामद की हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *