नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले 25 से 29 सितम्बर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियां प्रशासन की तरफ से शुरू कर दी गई है। सोमवार को एक्सपो मार्ट पहुंचे प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील ने तैयारियों की समीक्षा की।

प्रमुख सचिव ने कहा कि ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक, सांस्कृतिक और हस्तशिल्प क्षमता को देश और दुनिया के सामने पेश करने का बड़ा मंच है। इसके जरिए प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, ओडीओपी उत्पादों, हस्तशिल्प, हथकरघा, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, सेवा क्षेत्र और औद्योगिक उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तृत किया जाता है। उन्होंने आयोजन स्थल पर आने—जाने वाहनों, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन, चिकित्सा सुविधा, साइनेज आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए है।

बैठक के दौरान शहर और देहात क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को दुरस्त करने पर भी चर्चा की गई। प्रमुख सचिव ने विभागीय अधिकारियों को जाम से निपटने, वैकल्पिक मार्गों, पार्किंग स्थलों, शटल और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करते हुए अंतिम तैयारियां करने के निर्देश दिए है। इस दौरान देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों एवं आगंतुकों को प्रदेश की औद्योगिक और सांस्कृतिक की झलक देखने को मिलेगी।

इस बार सरकार का लक्ष्य ट्रेड शो के जरिए खरीदारों एवं निवेशकों के बीच प्रभावी बिजनेस कनेक्ट स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समझौतों, निवेश, निर्यात के अवसरों और प्रदेश के उद्यमियों के लिए नए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *