गौतमबुद्ध नगर में सावन माह में जल्द ही सड़कों पर बोल बम की गूंज सुनाई देने वाली है। 30 जुलाई से 12 अगस्त तक आयोजित होने वाली कावंड़ यात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए लखनऊ से भी मॉनिटरिंग होगी। इसके लिए अत्याधुनिक टीथर्ड ड्रोन का सेटअप नोएडा में स्थापित कर दिया गया है।
यह हाईटेक ड्रोन नोएडा, सेंट्रल और ग्रेटर नोएडा जोन में कांवड़ यात्रा और शिवभक्तों की जुटने वाली मंदिरों में भीड़ की निगरानी करेगा। खास बात यह है कि टीथर्ड ड्रोन सीधे लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय से जुड़ा रहेगा और वहां लगातार लाइव वीडियो फीड भेजेगा। जिले में एक टीथर्ड ड्रोन भेजा गया है, जोकि तीनों जोन में अलग—अलग समय में स्थापित किया जाता रहेगा। इसका फायदा यह होगा कि यह आस—पास के दस किलोमीटर तक की हर प्रकार की गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखेगा। अत्याधुनिक तकनीक वाला यह ड्रोन 12 अगस्त तक जिले में एक्टिव रहेगा। मंदिर या फिर कांवड़ियों के आस—पास भटकने वाले असामाजिक तत्वों की भी निगरानी करेगा। इसके अलावा पूरे जिले में 20 अन्य ड्रोन में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के लिए एक्टिव रहेंगे।
जिले के 225 मंदिरों में होगा जलाभिषेक
गौतमबुद्ध नगर के 225 मंदिरों में शिवभक्त हरिद्धार और गोमुख से जल लाकर भोले का जलाभिषेक करेंगे। इनमें नोएडा के 70, सेंट्रल जोन के 111 और ग्रेटर नोएडा में 44 मंदिर शामिल है। इसके अलावा रबूपुरा के खेड़ा भाईपुर मंदिर, नोएडा के सेक्टर—2, दादरी का प्राचीन शिवमंदिर और जारचा के प्यावली गांव स्थित पातालेश्वर मंदिर पर विशेष सर्तकता बरती जाएगी। इन मंदिरों में हर साल जल चढ़ाने वालों की अधिक भीड़ एकत्रित होती है।
ढ़ाई हजार पुलिसकर्मियों के हवाले होगी कांवड़ यात्रा
कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए दो हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। यह जिले के आठ मार्गो के अलावा पूरे जिले में कांवड़ियों की सुरक्षा में तैनात किए गए है। एक कंपनी पीएसी के अलावा आरआरएफ भी तैनात की जा रही है। इसके अलावा अपने—अपने जोन में डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और कोतवाली प्रभारी से लेकर हल्का इंजार्च तक डयूटी निर्धारित कर दी गई है।
जिले में 23 स्थानों पर बनाई जाएंगी अस्थायी पुलिस चौकी
कांवड़ यात्रा के जिले में 23 स्थानों पर अस्थायी पुलिस चौकी बनाई जा रही है। जिनमें नोएडा जोन में सात, सेंट्रल में तीन और ग्रेटर नोएडा में 13 अस्थायी चौकी शामिल हैं। जीटी रोड पर छपरौला के आंनद अस्पताल के पास, धूममानिकपुर स्थित अंडरपास, आरवी नॉर्थलैंड, एनटीपीसी कट, लुहारली टोल, सिरसा कट आदि के पास बनाई जा रही है।
अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि कांवड़ियों के आने वाले सभी आठ प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर लिया गया है। इन मार्गों का निरीक्षण कर लिया गया है। मेडिकल, बिजली, स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई के अधिकारियों से बैठक की जा चुकी है। करीब ढाई हजार से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा की कमान संभालेंगे। तेज आवाज में डीजे भी संचालक नहीं बजा सकेंगे।
यह होंगे आठ मार्ग
गौतमबुद्ध नगर में कावंड़ियों के लिए आठ मार्ग चिहिन्नत किए गए है। इन सभी मार्गो पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
.गाजियाबाद लालकुंआ से दादरी, कोट का पुल, नंगला, बिलासपुर, बागपुरा होकर भाईपुरा स्थित शिव मंदिर।
.शाहबेरी से एक मूर्ति गोलचक्कर, किसान चौक, पर्थला, सेक्टर 71, सेक्टर 37 से कालिंदीकुंज बार्डर।
.यमुना एक्सप्रेस—वे से दनकौर जेवर और रबूपुरा।
.चिल्ला रेड लाइट से डीएनडी, कालिंदी कुंज बार्डर।
.मॉडल टाउन सेक्टर—62 से सेक्टर—60, 71 होकर सेक्टर—37 से कालिंदीकुंज बार्डर।
.छिजारसी से बहलोलपुर होकर सेक्टर 71, सेक्टर—37 से कालिंदी कुंज बार्डर।
.तिगरी से किसाना चौक, पर्थला, सेक्टर 71, सेक्टर—37 से कालिंदीकुंज बार्डर।
.शाहबेरी से किसान चौक, सूरजपुर, परीचौक, दनकौर, रबूपुरा होकर खेड़ा भाईपुरा शिव मंदिर।
