नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में इंडिया बायो एनर्जी एंड टेक एक्सपो की मंगलवार को शुरुआत हो गई है। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने किया। उन्होंने देश-विदेश से आए विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों एवं प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश को बायोएनर्जी के क्षेत्र में देश का सबसे अग्रणी राज्य बताया।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में देश में अग्रणी स्थान पर है। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना में उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है, जीबीजी प्रोडक्शन में भी प्रदेश प्रथम स्थान पर है। रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में पहले ही स्थान पर काबिज है। पीसफुल राज्य के पहले स्थान के साथ बिजनेस फ्रेंडली स्टेट के रूप में भी सबसे ऊपर है। निवेशकों से कहा कि ‘आप आइए और उत्तर प्रदेश में कहीं भी अपने प्लांट लगाइए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था के साथ सुरक्षित, शांतिपूर्ण के साथ प्रदेश दुनिया के निवेशकों के लिए एक भरोसेमंद डेस्टिनेशन बनकर उभरा है।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बायोएनर्जी के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था, गन्ना उत्पादन, कृषि अवशेष, जैविक अपशिष्ट और नगरीय ठोस कचरा बायोएनर्जी उत्पादन के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराते हैं। इन संसाधनों का वैज्ञानिक एवं तकनीकी उपयोग कर प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा के साथ-साथ किसानों, युवाओं और उद्योगों के लिए नए अवसर सृजित कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश स्वच्छ, हरित और ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा कि बायोएनर्जी ट्रांज़िशन में एक प्रमुख शक्ति के रूप में तेज़ी से उभर रहा है। इसके पीछे राज्य के विशाल कृषि संसाधन, बढ़ता सीबीजी इकोसिस्टम और मज़बूत पॉलिसी सपोर्ट है। बायोएनर्जी, कृषि और शहरी कचरे को ऊर्जा में बदलने, ग्रामीण रोज़गार पैदा करने और किसानों की आय बढ़ाने का एक बड़ा अवसर है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *