कासना कोतवाली क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने मृतका की सास और पति को गिरफ्तार कर लिया है। कम दहेज देने और ब्रेजा कार के लिए मृतका को अक्सर प्रताड़ित किया जाता था। कुछ दिनों पहले मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के बीच बातचीत भी हुई थी। जिसमें उसे प्रताड़ित न करने की बात करते हुए ससुराल वालों ने माफी मांगी थी। आरोप है कि घटना वाले दिन दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया। जिसके चलते उसने पति से अलग रहने की बात कही। परिवार से अलग होने को लेकर पति और पत्नी के बीच कहासुनी हुई।
पुलिस ने दावा किया है कि जिसके बाद दूसरी मंजिल के कमरे में जाकर तनु ने आत्महत्या कर ली। कासना कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पति अमित भाटी ने अपनी पत्नी तनु से कुछ दिनों आर्थिक समस्या के चलते परिवार के साथ रहने की बात कही थी। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिग आया है। एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि पति अमित भाटी और सास कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि, गाजियाबाद के जावली गांव निवासी तनु की शादी वर्ष 2020 में घंघौला निवासी अमित भाटी से हुई थी। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव फंदे से लटकाने का भी आरोप लगाया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति अमित भाटी, सास कृष्णा और देवर सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सुमित की शादी भी मृतका की छोटी बहन तनिषा से हुई थी। अभी इस मामले में देवर फरार है।
