दनकौर के भट्टा गांव की नहर में थार गिरने से एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अभी उलझा रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि दोनों पति—पत्नी खुशी—खुशी मथुरा घूमने गए थे। जहां उन्होंने कई मंदिर में जाकर भगवान के दर्शन भी किए थे। साथ ही वापसी में प्रसाद और अन्य सामान खरीदकर लेकर आए थे। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पूरी तरह गुत्थी को उलझाए हुए है। मृतका के फेफड़ों और दम घुटने की पुष्टि नहीं हुई है। आंशका जताई जा रही है कि कही उसे धीमा जहर तो नहीं दिया गया। पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ करने के लिए पुलिस पहले ही बिसरा प्रिजर्व कर जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज चुकी है।
बता दें कि, रविवार देर रात को भट्टा गांव निवासी मोहित अपनी पत्नी रीना के साथ घूम कर थार कार में सवार होकर वापस लौट रहे थे। तभी भट्टा गांव के पास नहर में कार का संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में जा गिरी। मोहित ने कार से निकल कर अपनी जान बचाई। उधर, घटना में रीना की मौत हो गई। मृतका के पिता ने रीना के पति मोहित, सास मुनेश देवी और ससुर घनेंद्र सिंह के खिलाफ दहेज हत्या का दनकौर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मंगलवार को इस मामले में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम का सीन रीक्रिएट किया था।
एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि बिसरा रिपोर्ट आने के बाद हत्या की वजह से साफ हो सकेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फेफड़ों में पानी भरने और दम घुटने जैसा कोई मामला सामने नहीं आया है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि दोनों पति—पत्नी आपसी सहमति के बाद घूमने के लिए मथुरा गए थे।
